प्रत्येक संस्थान में औसतन तीन से चार छात्र ही पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मंगलवार से जिले के सभी आईटीआई संस्थानों में आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत के साथ ही छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। हालांकि अनुमान के अनुसार पहले दिन किसी भी आईटीआई में कुछ खास हलचल नहीं देखने को मिली। सभी संस्थानों में औसतन चार से पांच छात्र ही पहले दिन आवेदन के लिए पहुंचे। हालांकि संस्थान के शिक्षकों का कहना है कि पहला दिन होने के कारण छात्र नहीं पहुंचे हैं, पर जैसे-जैसे तारीख आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे आवेदन की संख्या में भारी इजाफा होगा। बता दें कि इनमें एनआईटी पांच स्थित संस्थान में महज तीन बच्चे पहले दिन आवेदन के लिए पहुंचे। वहीं सिकरोना में दो छात्र ही पहुंचे। बता दें कि जिले में कुल नौ आईटीआई संस्थान हैं। इनमें सबसे अधिक 544 सीटें एनआईटी-5 स्थित संस्थान में हैं। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद का महिला संस्थान 320 सीटों के साथ दूसरे और 260 सीटों के साथ पाली तीसरे जबकि 240 सीट के साथ फतेहपुर बिल्लौच चौथे स्थान पर है। एनआईटी-5 स्थित आईटीआई के प्राचार्य भगत सिंह ने बताया कि पहले दिन जितनी उम्मीद थी, उसकी अपेक्षा कम छात्र आए, पर जल्द ही सभी सीटें भर जाएंगी।