संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पंचकुला में 29 से 31 मई तक चली राज्य ताइक्वांडो स्टेट चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। विशेष बात यह रही कि इनमें से सात स्वर्ण पदक शामिल रहे। इसके अलावा पांच रजत और दो कांस्य पदक खिलाड़ियों ने जीते। इसके चलते न सिर्फ खिलाड़ियों ने इसी जून में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया, बल्कि टीम को प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान दिला दिया। बता दें कि सीनियर और यूथ कैटेगरी में यह प्रतियोगिता खेली गई थी। इनमें 10 पदक सीनियर और चार पदक यूथ कैटेगरी में जिले के खिलाड़ियों के नाम रहे। सीनियर कैटेगरी में तनिषा और मानवेंद्र ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण हासिल किया। वहीं भव्य सेंगर और राजकुमार ने पुरुष कैटेगरी के टीम इवेंट में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा दिनेश कपासिया और ममता ने मिलकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया जबकि महिला टीम इवेंट में प्रिया और कनिका ने मिलकर स्वर्ण पदक हासिल किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में दिनेश कपासिया, दिव्यांश शर्मा और हिमांशी ने रजत पदक हासिल किया जबकि पीयूष रावत और वरुण कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। यूथ कैटेगरी में गौरी और मोक्ष के नाम स्वर्ण पदक रहा जबकि भूमिका और वंशिका यादव ने रजत पदक अपने नाम किया। बता दें कि अब यह सभी खिलाड़ी 11 जून से मणिपुर में शुरू हो रही राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में दम दिखाते हुए नजर आएंगे।