रोडवेज विभाग ने विशेष तैयारी शुरू की, 24 की रात से 25 मई की सुबह तक होगा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गंगा दशहरा पर हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए रोडवेज विभाग ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। विभाग के इस फैसले से हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार 24 मई की रात से 25 मई की सुबह तक हरिद्वार रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। सामान्य दिनों की तुलना में गंगा दशहरा पर हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में बस स्टैंडों पर भीड़ और यात्रियों को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
ड्यूटी इंचार्ज जयपाल राठी का कहना है कि यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ बस अड्डों से हरिद्वार के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। अभी उनके डिपो से हरिद्वार के लिए दो बसों का संचालन होता है। वही दो बसें पलवल से बल्लभगढ़ के रास्ते हरिद्वार को जाती हैं।
उन्होंने बताया कि बसों के संचालन के लिए चालक और परिचालकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही बस स्टैंड पर कर्मचारियों को यात्रियों की सहायता और भीड़ नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर सकें।