अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीसी सतबीर मान ने की। एडीसी ने जानकारी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याएं परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
एडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।