कृषि विभाग के अधिकारियों ने कई दुकानों से सैंपल लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में खाद और बीज विक्रेताओं की मनमानी को लेकर प्रशासन सख्त होता नजर आ रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को किसानों को जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। जिसके अंतर्गत अधिकारियों ने कहा कि मूल्य से ज्यादा कीमत पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कीटनाशक कंपनी जय केमिकल, अनु प्रोडक्ट लिमिटेड, हंटिन जैन सहित विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खाद, बीज व कीटनाशक दवाइयों के सैंपल लिए। जिले में यह अभियान 30 नवंबर तक चलाया जाएगा, ताकि खाद, बीज और दवाई की गुणवत्ता की जांच की जा सके।
डॉ. गुलिया के निर्देशानुसार दवाई, खाद और बीज के इंस्पेक्टर की टीम ने बीज के 4, खाद के 2 और कीटनाशक के 2 सैंपल लिए। डॉ. अनिल सहरावत, उप कृषि निदेशक, फरीदाबाद ने इस अवसर पर सभी कंपनी और दुकान संचालकों को निर्देश दिए कि यदि उन्होंने तय मूल्य से ऊपर खाद, बीज व दवाई बेची तो उसके विरुद्ध सख्त अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उप कृषि निदेशक डॉ. अनिल सहरावत, गुण नियंत्रण निरिक्षक, डॉ. संगीता मल्होत्रा व तकनीकी सहायक डॉ. आनंद प्रकाश भी मौजूद रहे।