मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एलपीजी और पीएनजी आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें। बैठक के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के अधिकारियों और तेल कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि जिले में एलपीजी की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने तेल कंपनियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक लेबर और कम आय वर्ग वाले इलाकों में पांच किलो वाले छोटे सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इससे गरीब आबादी और स्ट्रीट वेंडर्स कालाबाजारी का शिकार होने से बच सकेंगे। साथ ही, उन्होंने पीएनजी कनेक्शन की राह में आने वाली तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर करने के आदेश दिए ताकि स्वच्छ ईंधन का दायरा बढ़ सके।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने बताया कि पिछले 48 घंटों में मिली 14 शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। जिले की सभी 45 गैस एजेंसियां सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना देने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 जारी किया है। इसके अलावा, बल्लभगढ़ के लिए सहायक अधिकारी अजीत सिंह (9810212115) और एनआईटी क्षेत्र के लिए विनय मुद्गल (8168792654) से सीधे संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने साफ किया है कि पहले आओ-पहले पाओ और सही डेटा प्रबंधन (डी-डुप्लीकेशन) के जरिए दोहरे कनेक्शनों की जांच की जाएगी।