सरूरपुर, संजय कॉलोनी और बड़खल समेत कई इलाकों में मिलीं कमियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने औद्योगिक इकाइयों पर सख्ती शुरू कर दी है। पिछले दो से तीन महीनों के भीतर जिले की17 औद्योगिक इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं। बोर्ड की टीम ने अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में निरीक्षण किया था। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों को चिह्नित किया गया। इनमें सरूरपुर, संजय कॉलोनी, नंगला गुजरान और बड़खल समेत जिले के कई इलाके शामिल हैं।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग चरणों में औद्योगिक इकाइयों की जांच की। निरीक्षण के दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों में कमियां मिलने पर संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी किए गए। बोर्ड की ओर से उद्योग संचालकों से इन कमियों को लेकर जवाब मांगा गया है। साथ ही नियमों के अनुसार जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बीच औद्योगिक इकाइयों की जांच तेज की जा रही है। बोर्ड की ओर से उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रण के तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। नोटिस के बाद भी नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदूषण को लेकर विभाग सख्त है। साथ ही लोगों से अपील है कि वे ग्रेप के नियमों का पालन करें।
बल्लभगढ़ का एक्यूआई 278 पहुंचा
जिले में सोमवार को बल्लभगढ़ की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 278 दर्ज किया गया। वहीं, फरीदाबाद का एक्यूआई 115 रहा। देश के 268 शहरों में बल्लभगढ़ आठवें स्थान पर रहा।