ग्लोबल ट्रेड में पैसा निवेश करने और मोटा मुनाफा कमाने का दिया था लालच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर व्यक्ति से 54.85 लाख की ठगी करने के मामले में एनआईटी साइबर थाना पुलिस बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी अमन बत्रा को 17 मई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी मूलरूप से कुरुक्षेत्र के शाहबाद मारकंडा का रहने वाला है और हाल में दिल्ली के बादली इलाके में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एसजीएम नगर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, जनवरी में ठगों ने उनकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज भेजकर ग्लोबल ट्रेड में पैसा निवेश करने और मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था। इसके बाद ठगों ने उनके मोबाइल पर लिंक भेजकर एक फर्जी वेबसाइट पर अकाउंट खुलवा दिया और उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया। पीड़ित ने मुनाफे के चक्कर में आकर ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 54.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिसके बाद आरोपियों ने पैसे वापस नहीं किए और धोखाधड़ी की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि इस ठगी के नेटवर्क में अमन बत्रा शामिल था, जो दिल्ली में रैपिडो चलाने का काम करता है। अमन ने नवीन नाम के एक व्यक्ति का बैंक खाता खुलवाया था और उस खाते को दिल्ली में अपने सहयोगियों सुमित व मनविंद्र के माध्यम से विदेश में बैठे मुख्य ठगों को उपलब्ध कराया था। पीड़ित के पैसों में से 75 हजार रुपये इसी खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस इस मामले में खाताधारक नवीन, सुमित और मनविंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।