फरीदाबाद। पिछले 15 साल से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस ने असम से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रंगापाड़ा जिला सोनितपुर असम निवासी सुनील के रूप में हुई है। आरोपी असम के एक चाय बागान में नौकरी करने लगा था। बीचबीच में वह फरीदाबाद आता जाता रहता था। उसने पांच अक्तूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र से एक क्रेटा कार चोरी की और उसी से असम पहुंच गया। कार की तलाश करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा है। उसने बताया कि कोतवाली थाने में साल 1995 में उसके खिलाफ एक युवती को बहलाकर ले जाने और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामले में आरोपी है। बाद में मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चला गया। वर्ष 2005 में वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ और फरार हो गया। अदालत ने उसकी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए। तभी से वह असम के चाय बागान में नौकरी करने लगा और वहीं रहने लगा। कोतवाली थाने में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार व उनकी टीम ने उसे दबोचा है। उससे चोरी की गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली है।