कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद संपत्ति की नीलामी की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सिटी थाना क्षेत्र में एक प्लॉट पर कब्जा करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अवैध तरीके से होम लोन लेने और बाद में संपत्ति की नीलामी कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला, बैंक अधिकारियों और अन्य सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंशुल सिंगला ने बताया कि उसके पिता दिवंगत सूरज प्रकाश सिंगला ने अपने जीवनकाल में श्याम कॉलोनी में 7 मरले 68 वर्गगज जमीन को वर्ष 2008 में करीब 10 लाख रुपये में खरीदा था। पूरी राशि का भुगतान करने के बाद प्लॉट का कब्जा भी उन्हें सौंप दिया गया था। इसके बाद एक महिला ने खुद को मृतक की पत्नी बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और अदालत में गलत तथ्यों के आधार पर मुकदमा दायर कर दिया। इस दौरान न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए फर्जी रजिस्ट्री और अन्य कागजात तैयार कर लिए गए।
इतना ही नहीं आरोपियों ने बैंक अधिकारियों से मिलीभगत कर उक्त संपत्ति के दस्तावेजों के आधार पर वर्ष 2011 में होम लोन भी ले लिया। बाद में वर्ष 2017 में बैंक की ओर से संपत्ति की नीलामी कर दी गई, जबकि उस समय मामला कोर्ट में विचाराधीन था। उनका कहना है कि नीलामी प्रक्रिया के दौरान बैंक अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए अपने परिचितों के नाम पर संपत्ति को ट्रांसफर करा दिया। इसके बाद संपत्ति को आगे अन्य व्यक्तियों के नाम कर दिया गया, जिससे शिकायतकर्ता को उसकी पैतृक संपत्ति से वंचित होना पड़ा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।