बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में मृत मिले साधु की हत्या गाली-गलौच के बाद मंडी के ही दो मजदूरों ने डंडे से पीटकर की थी। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने एक आरोपी संजीत मेहतो को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार बेगूसराय का मूल निवासी है और अब बल्लभगढ़ अनाज मंडी में ही रहता है।
आरोपी से पूछताछ में पता चला कि 8 जून की रात को वो अपने साथी के साथ मौजूद था। इस दौरान साधु विजय गुप्ता के साथ इनकी गाली-गलौच हुई। इसी के गुस्से में दोनों ने मिलकर साधु की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी।
संजीत पर पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। उसके दूसरे साथी की तलाश टीम कर रही है।
आदर्श नगर थाना में अनाज मंडी निवासी कल्लू पल्लेदार ने मामले में शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया कि विजय गुप्ता नामक साधु अनाज मंडी में ही घूमते रहते थे। रात को वो मंडी में ही सोते थे।
8 जून की रात को अनाज मंडी में बेलदारी का काम करने वाले 2 लोगों ने मिलकर साधु की पीटकर हत्या कर दी। आदर्श नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई। मामले में अब एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।