यूपी कानपुर का निवासी है आरोपी
आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 34.05 लाख रुपये की ठगी में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 30 साल का सूरज जयसवाल यूपी के कानपुर का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि ठगी के खाते में प्रयोग की गई ई-मेल व मोबाइल नंबर आरोपी अपने मोबाइल में चला रहा था। साथ ही वह फोन में एपीके फाइल डाउनलोड कर ठगों को मोबाइल का एक्सेस देता था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज बीए पास है। इसे 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी की शिकायत ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि 17 अगस्त 2025 को फेसबुक चलाते समय उन्हें शेयर बाजार से संबंधित मास्टर क्लास का विज्ञापन दिखाई दिया। इसके बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में उन्हें निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया और अधिक लाभ का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 34.05 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ। ्