होडल। क्राइम ब्रांच होडल टीम ने कैंटर चालक से मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फरीदाबाद और पलवल के विभिन्न थानों में कुल 14 संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने 16 जनवरी 2026 को थाना मुंडकटी क्षेत्र में हुई लूट की वारदात के मामले में आरोपी को दबोचा है। क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता असरफ, निवासी भवानीपुर खली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), अपने कैंटर से फरीदाबाद से फिरोजाबाद जा रहा था। रात करीब 10:30 बजे पुराना टोल टैक्स, तुमसरा के पास दो युवकों ने वाहन रुकवाया और मारपीट कर 4 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन के रिमांड पर लेकर लूटी गई राशि बरामद की गई। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद