फरीदाबाद। एप डाउनलोड करने के बाद बैंक खाते से 95 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी रजत राठी निवासी गांव पौंडरी, बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, भाटिया कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने 30 नवंबर 2025 को मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया था। इसके बाद उसके खाते से 50 हजार, 40 हजार और पांच हजार रुपये के तीन अलग-अलग लेनदेन के जरिये कुल 95 हजार रुपये निकल गए। जांच में पता चला कि ठगी की रकम दिपांशु के खाते में आई थी। आरोपी रजत ने यह खाता पीयूष से लेकर आगे उपलब्ध कराया था। रजत और पीयूष पहले नोएडा में साथ काम करते थे। वर्तमान में रजत नोएडा में टैक्सी चलाता है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। संवाद