संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ शरीफ निवासी आदर्श कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
थाना ओल्ड फरीदाबाद में दी शिकायत में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी छोटी बहन घरों में झाड़ू पोछा का काम करती है जिसको सोनू ने अपना फोन नंबर दिया और बातचीत करने लगा। इसके बाद आरोपी सोनू ने शादी का झांसा देकर उसकी बहन के साथ कई बार संबंध बनाए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस चौकी सेक्टर-19 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोनू उर्फ शरीफ को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एनआईटी-4 में एक कंपनी में काम करता है। उसने नाबालिग को कई बार वहां से आते जाते देखा था। उसने लड़की को बातों में फंसाया और उसको फोन नंबर भी दिया था। बाद में शादी का झांसा देकर सेक्टर 19 क्षेत्र स्थित होटल में ले जाकर पीड़िता के साथ कई बार संबंध बनाए। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।