साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी को पकड़ा
व्हाट्सएप मैसेज पर संपर्क कर लोगों से ठगी करता था आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। क्रिप्टो करंसी में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी विक्रम मीणा को राजस्थान के टोंक से गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जांच करते हुए आरोपी को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह व्हाट्सएप पर चैट करके लोगों को निवेश कर मोटे लाभ का लालच देता था। फिर लोगों को झांसे में लेकर खातों में पैसे डलवाता था।आरोपी से एक मोबाइल बरामद किया गया है जिसमें वह व्हाट्सएप चलाता था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। क्रिप्टो करंसी में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1.17 लाख रुपये की ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ टीम को शिकायत सेक्टर-3 निवासी व्यक्ति ने दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि शेयर बाजार में ट्रेडिंग के टिप्स के लिए ऑनलाइन देखा तो टेलीग्राम चैनल के बारे में पता चला। टेलीग्राम ग्रुप जॉइन किया तो 50 प्रतिशत लाभ दिलाने का प्रस्ताव देखा। बाद में इनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया गया। फिर उन्होंने एक सप्ताह तक उसका ट्रेडिंग खाते का प्रयोग कर बताएं अनुसार लाभ दिया, जिस पर शिकायतकर्ता को उन पर विश्वास हो गया। कुछ समय बाद उसे इसमें नुकसान हुआ, जिस पर ठगो ने उसको क्रिप्टो करंसी में निवेश करने के बारे में सुझाव दिया। 25 हजार रुपये निवेश करने पर 1.75 लाख रुपये का मुनाफा होने के बारे में बताया गया लेकिन रिफंड के नाम पर अलग-अलग बहाने से और रुपये ट्रांसफर करा लिए। कुल 1,17,498 रुपये की ठगी हुई थी। मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।