आरोपी गोविंदा यूपी, लखीमपुर का रहने वाला
इसके खाते में आए थे ठगी के 40 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम टास्क के बहाने 1 लाख रुपये की ठगी में आरोपी को साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गोविंदा यूपी, लखीमपुर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोविंदा ने अपना खाता आगे ठगों को दे रखा था।
इसके बैंक खाते में ठगी के 40 हजार रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। ठगी मामले को लेकर पुलिस को शिकायत जवाहर कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में आरोप लगाया कि उनके फेसबुक पर पार्ट टाइम जॉब के लिए लिंक आया। इस पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। वहां से उन्हें एक लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवाई गई और टास्क करने को दिए। इसके बाद उन्होंने उसे प्रीपेड टास्क कर अधिक पैसे कमाने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में रिफंड करना चाहा तो और टास्क करने को कहने लगे। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।