संजय कॉलोनी निवासी योगेश ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अपनी बाइक के नंबर का गलत इस्तेमाल किए जाने से परेशान संजय कॉलोनी निवासी योगेश कुमार ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। योगेश का आरोप है कि कोई अन्य व्यक्ति उनकी बाइक का नंबर लगाकर वाहन चला रहा है, जिसके कारण पिछले करीब दो साल से उसके नाम पर लगातार चालान भेजे जा रहे हैं।
योगेश ने शिकायत में बताया कि उनकी बाइक के सभी कागजात पूरे हैं और वाहन उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस की ओर से उनके नाम पर करीब नौ हजार रुपये के चालान भेजे गए हैं, जबकि ये चालान उनकी बाइक के नहीं हैं।
योगेश ने बताया कि चालान मिलने के बाद जब उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि कोई अन्य व्यक्ति उनकी बाइक का नंबर इस्तेमाल कर रहा है। गलत नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वाले व्यक्ति की वजह से उन्हें बेवजह परेशानी उठानी पड़ रही है।
पीड़ित का कहना है कि वह पिछले दो साल से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। उन्होंने डीसीपी कार्यालय में शिकायत देकर मांग की है कि मामले की जांच कर गलत नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।