दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर मारपीट, धारदार हथियार से हमला और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष के शिकायतकर्ता मुकेश कुमार पाराशर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 15 जुलाई को पड़ोसी नितिन त्यागी ने उनके घर के सामने थार गाड़ी खड़ी कर दी। विरोध करने पर विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार नितिन ने 20-25 लोगों को मौके पर बुला लिया, जो लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी जैसे हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और भतीजे गर्व पाराशर के हाथ पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष के संदीप सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि 14 जुलाई की रात गाड़ी पार्किंग को लेकर कहासुनी के बाद पड़ोसी मनीष, सुमित और मुकेश सहित अन्य लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धमकियां दीं। आरोप है कि कुछ युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए और लाठी-डंडों व फरसे से हमला कर दिया। संदीप ने आरोप लगाया कि उनके सिर और कमर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जबकि बीचबचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।