विद्यार्थियों का डाटा जल्द से जल्द पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बालवाटिका-3 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र में वर्दी, स्कूल बैग और स्टेशनरी भत्ता दिलाने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। विद्यार्थियों का बैंक खाता और अन्य जरूरी जानकारी वन स्कूल एप और एमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को इसके लिए एक सितंबर तक का समय दिया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बालवाटिका-3 के बहुत कम विद्यार्थियों के बैंक खाते अभी तक अपडेट किए गए हैं। ऐसे में स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों का पूरा डाटा जल्द से जल्द पोर्टल पर अपडेट कराएं। इसमें परिवार पहचान पत्र, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड की जानकारी शामिल है। विभाग का कहना है कि जिन विद्यार्थियों के अभी बैंक खाते नहीं खुले हैं, उनके माता-पिता या अभिभावकों से संपर्क कर एक सितंबर तक हर हाल में बैंक खाते खुलवाएं। इसके बाद विद्यार्थियों का डाटा एमआईएस पोर्टल पर पूरा करना होगा। विभाग का कहना है कि डाटा पूरा होने के बाद वर्दी, स्कूल बैग और स्टेशनरी भत्ते की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा सकेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई विद्यार्थी इस लाभ से वंचित रहता है तो इसके लिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल मुखिया और कक्षा इंचार्ज जिम्मेदार होंगे।