टीम ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 87.60 लाख रुपये की ठगी में बैंक खाता मुहैया करवाने वाले आरोपी अमित (53) निवासी सुंदर विहार, दिल्ली को पकड़ा है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-48 में रह रहा था। आरोपी पेशे से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है।
अक्तूबर 2025 में सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने यूट्यूब पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। उस पर क्लिक करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके माध्यम से ठगों ने पीड़ित को मुनाफे का झांसा दिया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 87.60 लाख रुपये निवेश करा लिए। रुपये वापस मांगने पर ठगी का एहसास हुआ। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि में से दो लाख रुपये मुकुल नामक व्यक्ति के खाते में गए थे। मुकुल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस ने 16 अप्रैल को अमित को पकड़ा है, जिसने मुकुल का खाता लेकर ठगों को मुहैया करवाया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी अमित को अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।