आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। युवती के साथ बनी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर व्यक्ति से 1.94 लाख रुपये की ठगी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रिजवान (20) नूंह, मेवात के चहलका गांव का रहने वाला है।
पूछताछ में पता चला कि इसने अपना खाता आगे ठगों को दे रखा था। इसके खाते में ठगी के रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को ये शिकायत न्यू भूड कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने दी थी। इसमें कहा गया कि उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मीडियाकर्मी बताकर कहा कि तुम्हारी एक युवती के साथ अश्लील वीडियो मेरे पास है। अगर वीडियो डिलीट करवाना चाहते हो तो रुपये भेजने होंगे। रुपये न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने 194200 रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।