टेलीग्राम पर टास्क के बहाने दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 4,20,214 रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी मोहसिन के रूप में हुई है। आरोपी 10वीं पास है और पेशे से ऑटो चालक है, जिसने ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार नीमका निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि जुलाई 2024 में उसके व्हाट्सएप पर वर्क फ्रॉम होम का ऑफर आया था। उसे टेलीग्राम पर जोड़कर एक वेबसाइट के माध्यम से फीडबैक टास्क दिए गए। पीड़ित ने 31 टास्क पूरे करने के नाम पर अलग-अलग खातों में कुल 4,20,214 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी रकम निकालनी चाही, तो ठगों ने छह लाख रुपये की और मांग की, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मोहसिन के खाते में ठगी के 25 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ऑनलाइन टास्क या घर बैठे पैसे कमाने के लुभावने ऑफर्स के झांसे में न आएं और किसी भी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।