व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर टेलीग्राम पर दिए गए थे टास्क
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 6,94,800 रुपये की साइबर ठगी की गई है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झालावाड़ जिले के गांव आवर निवासी विशाल मेहर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-11 निवासी प्रशांत ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रशांत फेसबुक पर सर्फिंग के दौरान एक लिंक के जरिये व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे। ग्रुप में उन्हें पार्ट टाइम और फुल टाइम काम करके पैसे कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने को कहा गया। अधिक मुनाफे की उम्मीद में प्रशांत ने प्रीपेड टास्क के नाम पर कुल 6,94,800 रुपये का निवेश किया। रकम जमा कराने के बाद उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये आरोपी विशाल मेहर के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। विशाल ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।