संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करना सेक्टर-29 के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। डीटीएच का रिचार्ज न होने पर मदद मांग रहे पीड़ित से साइबर ठगों ने 11,14,767 रुपये की ठगी कर ली। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की राशि अपने खाते में मंगवाने वाले आरोपी अनुपम मिश्रा निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पीड़ित ने टाटा प्ले कनेक्शन रिचार्ज किया था, लेकिन पैसे कटने के बाद भी सेवा शुरू नहीं हुई। पीड़ित ने गूगल से कस्टमर केयर नंबर निकालकर संपर्क किया, जहां जालसाजों ने उसे एक एपीके फाइल का लिंक भेजकर डाउनलोड करवा ली। जैसे ही फाइल डाउनलोड हुई, पीड़ित के खाते से करीब 11 लाख रुपये से अधिक की राशि कट गई। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अनुपम मिश्रा महज 12वीं पास है और बेरोजगार है। उसने लालच में आकर अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की रकम से 6.99 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगनाओं की तलाश कर रही है।