साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी को पकड़ा
पूछताछ के बाद आरोपी को भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आईपीओ में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 33.80 लाख रुपये की ठगी में बैंक खाता मुहैया कराने वाले को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रिंकू करनाल के बरास गांव का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपना बैंक खाता ठगों को दिया हुआ था।
इसके खाते में ठगी के 1.70 लाख रुपये आए थे। आरोपी करनाल में ही गाड़ियों पर स्टीकर लगाने की दुकान चलाता है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को ये शिकायत एनआईटी पांच के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। इसमें कहा गया कि उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। वहां पर आईपीओ में निवेश करने पर मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया गया। लालच में आकर व्यक्ति ने 33.80 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खातों में निवेश कर दिए। बाद में रिफंड मांगा तो आरोपी और रुपये जमा करने को कहने लगे। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।