स्टेशन पर लगे हैं चेतावनी बोर्ड फिर भी यात्री नहीं आ रहे हैं बाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों द्वारा पटरियां पार करने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। यह समस्या अब केवल लापरवाही नहीं रही, बल्कि कई बार यात्रियों की मजबूरी भी बन जाती है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा पैदा हो रहा है। स्टेशन पर यात्रियों को एक गेट से दूसरे गेट तक जाने या प्लेटफॉर्म बदलने के लिए फुटओवर ब्रिज का उपयोग करना होता है। लेकिन रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता ही नहीं है। फुटओवर ब्रिज पर पहुंचने के लिए भी यात्रियों को मजबूरी में पहले पटरियों से होकर गुजरना पड़ता है। इसी वजह से कई लोग सीधा रास्ता समझकर पटरियां पार कर लेते हैं।
रेलवे नियमों के अनुसार पटरियां पार करना पूरी तरह गलत और जानलेवा है। ट्रेनें तेज गति से चलती हैं और अचानक रुकना संभव नहीं होता। इसलिए यह आदत कभी भी गंभीर दुर्घटना में बदल सकती है। इसलिए रेलवे सुरक्षा बल लगातार यात्रियों को समझाने का प्रयास करता है। स्टेशन पर चेतावनी बोर्ड और घोषणाएं भी की जाती हैं, लेकिन फिर भी समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रही है।
यात्री ओमप्रकाश गुप्ता का कहना है कि जब रोजाना जल्दी में आना-जाना होता है, तो लोग आसान और छोटा रास्ता चुन लेते हैं। ऐसे में वे पटरियों से होकर निकल जाते हैं, जो बहुत खतरनाक है। अगर फुटओवर ब्रिज तक पहुंचने का रास्ता और आसान बनाया जाए, तो लोग पटरियों से होकर नहीं जाएंगे। साथ ही स्टेशन पर बेहतर पैदल मार्ग और सीधी कनेक्टिविटी की जरूरत है, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो। लेकिन असली समाधान तभी होगा जब यात्रियों को सुरक्षित और आसान रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
यह समस्या सिर्फ नियम तोड़ने की नहीं है, बल्कि सुविधा और व्यवस्था से भी जुड़ी है। जब तक यात्रियों को बेहतर रास्ता नहीं मिलेगा, तब तक इस तरह की घटनाएं पूरी तरह रोकना मुश्किल है।