ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत जिला पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत जिला पुलिस ने एसटीएफ पलवल इकाई के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी चंद्रभान को गिरफ्तार किया है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल ढिल्लो ने बताया कि 27 फरवरी 2024 को थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर के पास कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति का शव लोहे के बाॅक्स के साथ मिला था। पहचान न होने से पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में 8 मार्च को हथीन के गांव आलूका निवासी सुखपाल ने अपने भाई धर्मबीर की हत्या का मामला दर्ज कराया।
सुखपाल ने बताया कि धर्मबीर पिछले 7-8 साल से पलवल के बांस मोहल्ला में रविंद्र के साथ रहता था और कुछ दिनों से लापता था। जांच में सामने आया कि रविंद्र और उसकी पत्नी कांती ने धर्मबीर की फंदे से लटकाकर हत्या कर दी और शव को ऑटो में डालकर फिरोजपुर के जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने रविंद्र और उसकी पत्नी कांती को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, हत्या में शामिल ऑटो चालक चंद्रभान निवासी रतभानपुर (जिला हाथरस, यूपी) फरार था। पुलिस ने ज्वाइंट आपरेशन में चंद्रभान को जींद के नरवाना में दबोच लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।