15 सितंबर तक वेरिफाई कराना जरूरी : जिला कल्याण विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि भारत सरकार की विभिन्न छात्रवृति योजनाओं का लाभ पाने के लिए अल्पसंख्यक समुदाय के जैन, इसाई, सिख, बौद्ध, पारसी एवं मुस्लिम छात्रों के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य है। जिन छात्रों ने अभी तक आधार वेरीफाई नहीं कराया है, वे जांच जरूर कर लें। जिला कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 15 सितंबर तक आधार वेरिफिकेशन करवाना जरूरी है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग भारत सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के मुस्लिम, सिक्ख, बौद्ध, ईसाई, जैन एवं पारसी से संबंधित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न छात्रवृति योजना चलाई जा रही हैं। जिसमें प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति व बेगम हजरत महल नेशनल छात्रवृति योजनाएं शामिल हैं। जिले में 36 शिक्षण संस्थानों से संबंधित 250 छात्रों की आधार वेरिफिकेशन कराई जा रही है, जिसमे से अब तक कुल 199 छात्रों ने आधार वेरिफिकेशन करवा लिए हैं। 51 छात्रों द्वारा अभी तक वेरिफिकेशन नहीं करवाया है। सीएससी द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों में छात्रों के आधार वेरिफिकेशन पूर्ण करवाने के लिए प्रत्येक दिन कैंप का आयोजन किया जा रहा है।