घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके के मवई गांव में झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। आरोपी शराब के नशे में धुत था। घायल युवक भूदेव कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि खेड़ीपुल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
घायल युवक भूदेव कुमार बिहार मुंगेर का मूल निवासी है। फिलहाल वो निजी कंपनी में नौकरी कर मवई गांव में परिवार के साथ रहता है। युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त की रात को गांव मवई का ही अरुण व पड़ोस में रह रहे युवक हाथापाई और गाली-गलौज कर रहे थे। यह देखकर भूदेव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान अरुण ने भूदेव के पेट में चाकू मार दिया और वहां से भाग गया। चाकू लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर परिवार वाले आए और भूदेव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल का बयान दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अरुण की तलाश शुरू कर दी है।