दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क पार कर रहे युवक की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से जान चली गई। हादसा सेक्टर आठ पुल के पास सोमवार शाम को उस समय हुआ, जब युवक मजदूरी कर अपने घर वापस लौट रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से बिहार का रहने वाला अमरजीत फरीदाबाद के गांव सीही में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता था। सोमवार को वह दिनभर काम करने के बाद पैदल घर लौट रहा था। जैसे ही वह सेक्टर आठ के पास एक्सप्रेसवे पार करने लगा, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे के बाद बीके नागरिक अस्पताल के शवगृह के बाहर मृतक अमरजीत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार अमरजीत का नाम लेकर विलाप कर रहे थे, जिससे वहां मौजूद सभी परिजनों की आंखें नम थीं। मृतक के ससुर मिथिलेश ने बताया कि अमरजीत की शादी साल 2022 में हुई थी और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा कर रहा था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।