औद्योगिक क्षेत्र के लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित गुरुकुल औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। यहां खुले में रखे ट्रांसफार्मर का करंट गाड़ी के दरवाजे में उतरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। आसपास कंपनी में काम कर रहे लोगों ने झुलसे हुए व्यक्ति को इलाज के लिए पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसको लेकर औद्योगिक क्षेत्र के लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ रोष जताया है।
मृतक का नाम सूरज (32) है। वह दिल्ली का रहने वाला है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र के निवासी कुणाल और आकाश ने बताया कि यहां पहले भी करंट की चपेट में आने से पशुओं की जान जा चुकी है। यहां बिजली निगम ने खुले में रोड पर ही ट्रांसफार्मर लगा दिया है। इस ट्रांसफार्मर से छह-सात कंपनियों में बिजली सप्लाई होती है। आलम यह है कि गाड़ी से टक्कर लगने के कारण ट्रांसफार्मर के खंभे और तार भी टूटे पड़े हैं। इसकी शिकायत कई बार लोगों ने बिजली निगम में की लेकिन अधिकारियों ने सुध नहीं ली। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शी शेखर शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर को गुरुकुल औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में मृतक माल देने आया था। उसकी गाड़ी का दरवाजा ट्रांसफार्मर के तार से टच हो गया। पूरी गाड़ी में करंट फैलने से व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। बिजली निगम को फोन कर बिजली सप्तलाई बंद करवाई गई और व्यक्ति को सीपीआर देने के बाद इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। वहां सूरज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली निगम के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर को जल्द दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस जांच अधिकारी आनंद का कहना है कि मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है।