साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-89 की रहने वाली महिला से टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क के बहाने 16.34 लाख रुपये ठग लिए गए। महिला का आरोप है कि निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर रुपये ट्रांसफर कराए गए। बाद में न तो मुनाफा मिला और न ही निवेश किए गए रुपये ही वापस मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत देने वाली महिला वंदना सेक्टर-89 की सोसाइटी में रहती हैं। इनका कहना है कि 21 जून को इन्हें घर बैठे कमाई का ऑफर देकर संपर्क किया गया था। शुरू में कहा गया कि कुछ टास्क पूरे कर आप घर बैठे रुपये कमा सकते हो। लेकिन कुछ टास्क करने के बाद इन्हें ऑफर दिया गया कि प्रीपेड टास्क में निवेश करने पर मुनाफे के साथ रुपये वापस मिलेंगे। आरोपियों ने झांसे में लेकर अलग-अलग टास्क के तहत 1634521 रुपये ट्रांसफर करा लिए। लेकिन रिफंड के लिए कहा गया तो आरोपी पहले तो बहाने बनाने लगे और फिर रिफंड देने से ही मना कर दिया। तब ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। जिस पर अब साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।