फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: आंधी में स्कूल पर गिरी निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की दीवार, चार बच्चे गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
भारत कॉलोनी में शनिवार सुबह हुआ हादसा, छह अन्य बच्चे घायल
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली भारत कॉलोनी में शनिवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब आंधी के कारण एक निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल की दीवार पास में स्थित एक निजी स्कूल की छत पर भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे के कारण स्कूल की पक्की छत टूटकर सीधे नीचे क्लासरूम में पढ़ रहे मासूम बच्चों पर आ गिरी। हादसे में यूकेजी के चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि छह अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के वक्त स्कूल की विभिन्न कक्षाओं में करीब 150 बच्चे मौजूद थे, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।


इस निजी स्कूल में पहली से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में पढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आंधी चलने लगी। स्कूल के साथ में दीपांशु नामक व्यक्ति की बहुमंजिला इमारत का निर्माण चल रहा है। यहां चार मंजिल का ढांचा तैयार होने के बाद ऊपरी हिस्से पर चारों तरफ दीवारें खड़ी की जा रही थीं। आंधी के कारण निर्माणाधीन चौथी मंजिल की नवनिर्मित दीवार का एक बड़ा हिस्सा सीधे स्कूल की छत पर गिर गया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
विज्ञापन


स्कूल स्टाफ ने मुस्तैदी से हटाया मलबा
हादसा होते ही स्कूल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। अध्यापकों और कर्मचारियों ने अपने हाथों से मलबे को हटाकर नीचे दबे बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। मलबे की चपेट में आने से यूकेजी की छात्रा दीप्ती, दिव्या, मीरा और नंदू (सभी की उम्र 6 से 7 वर्ष) के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन बदहवास हालत में पहले स्कूल पहुंचे और फिर वहां से बीके अस्पताल की तरफ भागे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए यूकेजी के आसपास की कक्षाओं को भी खाली कराया गया और पूरे स्कूल की छुट्टी कर बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया।

बीके अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात
सभी घायल बच्चों को तुरंत एम्बुलेंस और निजी वाहनों से बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने तुरंत इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज शुरू किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मामूली रूप से चोटिल हुए छह बच्चों को प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। वहीं, सिर में गंभीर चोट आने के कारण चारों मासूम बच्चों को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखकर उपचार दिया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।


दोषी मकान मालिक पर होगी कार्रवाई
घटनास्थल पर पहुंचे खेड़ीपुल थाने के पुलिसकर्मी खुर्शीद ने मलबे का मुआयना करने के बाद बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम अब आरोपी मकान मालिक दीपांशु के इस निर्माणाधीन भवन की कानूनी वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि रिहायशी इलाके में इतनी ऊंची बहुमंजिला इमारत बनाने के लिए प्रशासनिक अनुमति ली गई थी या नहीं और निर्माण कार्य में नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जांच के दौरान जो भी कमियां पाई जाएंगी, उसके आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन


स्कूल की मान्यता की जांच की जा रही है। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर भी की जा सकती है।- बसंत कुमार ढिल्लों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें