फरीदाबाद मवई के पास उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा रास्ता बंद करने का विरोध करते ग्रामीण । संवाद
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से किया जा रहा है काम, लाखों लोगों का आवागमन होगा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से पल्ला से लेकर खेड़ीपुल तक आगरा नहर के किनारे दीवार बनाई जा रही है। दीवार बनने के बाद लोगों की ओर से बनाए गए रास्ते पूर्ण रूप से बंद हो जाएंगे। इसी के चलते मंगलवार को सैकड़ों लोगों ने गांव मवई के पास विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इस दीवार के निर्माण से उनके रोजमर्रा के रास्ते बंद हो जाएंगे, जिससे लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित होगा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस बारे में पूर्व पार्षद बिजेंद्र शर्मा ने बताया कि पल्ला से खेड़ीपुल के बीच गांव मवई, गढ्ढा कॉलोनी समेत दर्जनों कॉलोनियों के लोग नहर किनारे के रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। रोजाना लाखों लोग इन रास्तों से गुजरते हैं। दीवार बनने के बाद उन्हें लंबा चक्कर लगाकर मुख्य सड़कों तक पहुंचना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि आगरा नहर के सेक्टर-28, 29 पुल के पास मवई रोड पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के खिलाफ विरोध जताया। वहीं सिंचाई विभाग का कहना है कि यह जमीन उत्तर प्रदेश सरकार की है और उसी के अंतर्गत दीवार बनाई जा रही है।