आरोपी भी नाबालिग, दोनों पक्षों में हुआ समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना एरिया के लकड़पुर एरिया में एक किशोर ने अपने छोटे भाई से मारपीट करने वाले आरोपी किशोर को बेल्ट से पीटा। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने दोस्त से पिटाई की वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। किशोर को बातचीत के बहाने एक खाली प्लॉट में बुलाकर पीटा गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष नाबालिग हैं और उनमें समझौता हो चुका है। मारपीट की ये वारदात 24 मई की बताई जा रही है। आरोपी और पीड़ित किशोर लकड़पुर एरिया में रहते हैं। दोनों पास के एक स्कूल में पढ़ते हैं। आरोप है कि 24 मई को आरोपी का छोटा भाई और वायरल वीडियो में बेल्ट से पीटे जा रहे किशोर के बीच सूरजकुंड एरिया में घूमने जाने के दौरान झगड़ा हो गया था। वहां पीड़ित किशोर ने आरोपी के छोटे भाई को पीट दिया था। जब आरोपी किशोर को इस बारे में पता चला तो उसने किशोर को एक प्लॉट में बुलाया। वहां आरोपी का एक दोस्त मोबाइल से वीडियो बनाने लगा जबकि आरोपी ने बेल्ट से किशोर को पीटा। बाद में वीडियो में गाना एडिट कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामले में सूरजकुंड थाना पुलिस को पीड़ित के परिवार ने शिकायत दी। लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया।