परियोजना के तहत सड़क किनारे बने खुले नालों को पक्का किया जाएगा, जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद के प्याली चौक से हार्डवेयर चौराहे की तरफ आने वाले मार्ग पर ट्रैफिक जाम और जलभराव से लोगों को राहत मिलेगी। नगर निगम की ओर से इस सड़क पर सर्विस रोड बनाए जाने की योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। यह सर्विस रोड प्याली चौक से लेकर हार्डवेयर चौक तक लगभग एक किलोमीटर के दायरे में बनाई जाएगी। नगर निगम के मुताबिक, इस परियोजना के तहत सड़क किनारे बने खुले नालों को पक्का किया जाएगा, जिससे जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
नगर निगम की तरफ से करीब एक किलोमीटर लंबे रोड से अतिक्रमण हटा दिया गया है। नगर निगम के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब 1 किलोमीटर के मार्ग पर झुग्गी, कुम्हार, कबाड़ी की दुकान, नाई की दुकान व खोखे खोलकर अतिक्रमण किया गया था। दुकानदारों को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने दुकानें नहीं हटाई इसके बाद कार्रवाई करते हुए सोमवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करते हुए सभी दुकानों को हटा दिया गया है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
प्याली चौक से हार्डवेयर चौक की ओर जाने वाला यह मार्ग हमेशा ट्रैफिक दबाव में रहता है। खासकर ऑफिस और स्कूल टाइम में यह रोड बुरी तरह जाम हो जाता है। वाहन चालकों को 15 मिनट का रास्ता पार करने में 40-45 मिनट तक लग जाते हैं। इस मार्ग के संकरे होने, साइड में नालों के खुले होने और उनके ऊपर हुए अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नगर निगम ने अब इस सड़क के किनारे बनी पुरानी नालियों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर वहां सर्विस रोड बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इससे न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
पक्के नाले और जलनिकासी की व्यवस्था
इस परियोजना का एक अहम हिस्सा सड़क किनारे के नालों को पक्का बनाना है। अभी यहां खुले नाले हैं जिनमें अक्सर कचरा भर जाता है, जिससे जल निकासी अवरुद्ध हो जाती है। बारिश के दिनों में इस मार्ग पर पानी में भर जाता है और यातायात रुक जाता है। सर्विस रोड के साथ-साथ पक्के नाले बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार नाले को इस तरह से डिजाइन किया जा रहा है कि बारिश का पानी सीधे निकासी पॉइंट तक पहुंच सके और कहीं भी जलभराव न हो।
निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना
नगर निगम के अनुसार अतिक्रमण हटाने के बाद इस योजना की डीपीआर तैयार की जा चुकी है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा ताकि यातायात को प्रभावित न किया जाए। पहले चरण में प्याली चौक से हार्डवेयर चौक तक के बीच वाले हिस्से को दुरुस्त किया जाएगा और फिर किनारों पर सर्विस रोड और नाला बनाया जाएगा।