अतिरिक्त मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद एसडीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। समाधान शिविर पोर्टल पर लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फरीदाबाद के एसडीएम डॉ. हनी बंसल संबंधित अधिकारियों के साथ शामिल हुए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने समाधान शिविर से जुड़ी लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों की एक्शन टेकन रिपोर्ट जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड की जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम ने राजस्व अधिकारियों को जमीन और राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए तुरंत आंतरिक बैठक करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो, यह सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें समय पर पोर्टल से हटाया जाए, ताकि लंबित मामलों के आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोमवार और बृहस्पतिवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। बैठक में सीटीएम अंकित कुमार, डीडीपीओ प्रामिंदर, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।