जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नीमका स्थित जिला जेल में विवाद के चलते एक कैदी ने दूसरे कैदी पर गर्म दाल का भगोना फेंक दिया। दस सितंबर को सुबह करीब नौ बजे बैरक नंबर तीन के कमरा नंबर चार में हुई घटना में पलवल निवासी कैदी प्रकाश का मुंह, हाथ और छाती झुलस गई।
जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। जेल अधीक्षक की ओर से दस सितंबर को थाना प्रभारी को भेजी शिकायत के अनुसार प्रकाश निवासी वार्ड नंबर तीन, बसंतगढ़, जिला पलवल सुबह करीब नौ बजे जेल की भट्ठी पर काम कर रहा था। इसी दौरान कंजरपुर, जिला पलवल निवासी पारस ने किसी बात को लेकर उससे विवाद किया। आरोप है कि विवाद के दौरान पारस ने भट्ठी पर बन रही गर्म दाल का भगोना प्रकाश पर फेंक दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जेल प्रशासन से मिली शिकायत के आधार पर सदर बल्लभगढ़ थाना ने कैदी पारस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।