जिमखाना क्लब आने वालों को मिलेगी राहत, एचएसवीपी ने तैयारी शुरू की अमर उजाला ब्यूरो फरीदाबाद। सेक्टर-21सी स्थित जिमखाना क्लब आने वाले लोगों को जल्द ही अपने वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित जगह मिलेगी। यहां पार्किंग की सुविधा विकसित करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण की ओर से पार्किंग निर्माण के लिए करीब 27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण पूरा होने के बाद क्लब में आने-जाने वाले लोगों को वाहन खड़े करने में सहूलियत मिलेगी। इससे आसपास के क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पार्किंग स्थल को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए जमीन तैयार करने, आधार बनाने और टो-वॉल का निर्माण करने सहित कई कार्य कराए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, पार्किंग का आधार एम-10 ग्रेड कंक्रीट और जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) से तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग को उपयोग के अनुकूल बनाने के लिए सिविल निर्माण से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएंगे।
विज्ञापन
तीन महीने में पूरा होगा निर्माण
एचएसवीपी के अनुसार, पार्किंग निर्माण का काम 90 दिन में पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार को अगले तीन साल तक पार्किंग का रखरखाव भी करना होगा। इस दौरान निर्माण में किसी तरह की खामी सामने आने पर उसे दूर करना होगा। इसके लिए ठेकेदार को अलग से भुगतान नहीं किया जाएगा।
-
वर्जन- सेक्टर-21सी में पार्किंग बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलेगी।- संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी