फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: ग्रीन फील्ड के पास बनेगा नया बूस्टिंग स्टेशन, 4 लाख लोगों को होगा फायदा

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम की एक एकड़ खाली जमीन का किया जाएगा उपयोग, हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज
विज्ञापन

मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। पश्चिमी फरीदाबाद में सालों से पानी की किल्लत झेल रहे करीब चार लाख लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी शुरू हो गई है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ग्रीन फील्ड कॉलोनी के पास एक आधुनिक बूस्टिंग स्टेशन और इंटरमीडिएट बूस्टिंग स्टेशन बनाने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम की बंधुआ मुक्ति मोर्चा रिहैबिलिटेशन स्कीम की करीब एक एकड़ खाली जमीन का उपयोग किया जाएगा। अब नगर निगम ने भी जमीन हस्तांतरण और जरूरी औपचारिकताओं को गति दे दी है।

इस परियोजना की नींव 10 जुलाई 2024 को हुई एफएमडीए की 5वीं अथॉरिटी बैठक में रखी गई थी जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ने की थी। बैठक में यह माना गया था कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण के कारण पश्चिमी फरीदाबाद का मौजूदा जल ढांचा दबाव नहीं झेल पा रहा है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नगर निगम की एक एकड़ जमीन एफएमडीए को देने की सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। प्रस्तावित बूस्टिंग स्टेशन को रेनीवेल लाइन नंबर 7 से जोड़ा जाएगा जो शहर की जलापूर्ति की अहम रीढ़ मानी जाती है।
विज्ञापन



बरसों से खाली पड़ी जमीन का जनहित में होगा उपयोग

जिस जमीन पर यह परियोजना बननी है वह सराय ख्वाजा गांव के राजस्व क्षेत्र में आती है। नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार यह जमीन मूल रूप से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूरों के पुनर्वास के लिए रखी गई थी। इसमें से 0.67 एकड़ प्राथमिक विद्यालय और 0.16 एकड़ अन्य कार्यों के लिए चिन्हित थी लेकिन लंबे समय से यह जमीन खाली पड़ी है। अब प्रशासन ने इसे बेकार पड़े रहने देने के बजाय जनहित में जल परियोजना के लिए इस्तेमाल करने का फैसला किया है।


कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी अब सरकार की बारी
परियोजना की अहमियत को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने इस परियोजना के लिए सहमति जताते हुए सरकार के पास इस मामले में लिखित आवेदन भेज दिया है। हालांकि कानूनी रूप से जमीन के उपयोग और हस्तांतरण को अंतिम रूप देने के लिए सरकार से औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है। औपचारिक प्रस्ताव पास होते ही काम धरातल पर तेज़ी से आगे बढ़ सकेगा।


पानी का दबाव बढ़ेगा, बर्बादी रुकेगी

तकनीकी जानकारों के मुताबिक, आईबीएस फॉर रेनी वेल लाइन 7.1 बनने से पानी का दबाव बेहतर होगा और आखिरी छोर तक सप्लाई सुधरेगी। अभी अक्सर ऊंचे इलाकों और दूर की गलियों में पानी नहीं पहुंच पाता या बहुत कम प्रेशर मिलता है। नया बूस्टिंग स्टेशन एक नियंत्रित वितरण केंद्र की तरह काम करेगा जिससे हर इलाके तक बराबर दबाव से पानी पहुंच सकेगा।

ग्रीन फील्ड और आसपास के इलाकों में उम्मीद

ग्रीन फील्ड, सेक्टर-37, 42, 43 और आसपास की कॉलोनियों के लोगों के लिए यह परियोजना बड़ी राहत मानी जा रही है। गर्मियों में यहां टैंकरों पर निर्भरता बढ़ जाती है और आम परिवारों को महंगा पानी खरीदना पड़ता है। अगर यह योजना तय समय पर पूरी होती है तो करीब चार लाख लोगों को नियमित और बेहतर दबाव के साथ नगर निगम का पीने का पानी मिल सकेगा।
विज्ञापन




बूस्टिंग स्टेशन बनाने के लिए सरकार को मंजूरी के लिए आवेदन दिया गया है वहीं जनहित को देखते हुए एफएमडीए को प्राथमिक प्रक्रिया पूरी करने की सहमति दे दी गई है। -धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें