विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू, युवाओं को दिल्ली जाना नहीं पड़ेगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद के ऐतिहासिक गांव तिलपत को आधुनिक खेल महाकुंभ के केंद्र में बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम फरीदाबाद ने तिलपत गांव में प्रस्तावित अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम जिले में खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद होगा ।
आपको बताते चलें कि फरीदाबाद में लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने दोबारा से शुरू करवाया है। इसी क्रम में राजा नाहर सिंह स्टेडियम के साथ सेक्टर 12 में बनने वाला निगम कार्यालय व तिलपत स्टेडियम भी शामिल है।
तिलपत गांव को महाभारत काल में पांडवों द्वारा मांगे गए पांच गांवों में से एक माना जाता है। इस ऐतिहासिक गांव में आज लोग मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित है। आस-पास की कॉलोनियों और गांवों की करीब पांच लाख की आबादी के लिए कोई भी बड़ा और आधुनिक खेल परिसर उपलब्ध नहीं है। युवाओं को अभ्यास के लिए या तो बदरपुर बॉर्डर पार करके दिल्ली जाना पड़ता है या फिर दूर स्थित राज्य खेल परिसर पर निर्भर रहना पड़ता है।
निगम की इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को एक ही स्थान पर विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। अब युवाओं को खेल के लिए दूसरे स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में इंडोर खेल सुविधाओं के साथ-साथ फुटबॉल, एथलेटिक्स, टेनिस, बैडमिंटन, स्विमिंग पूल, जिम और योग जैसी व्यापक सुविधाएं शामिल होने की उम्मीद है। यह कॉम्प्लेक्स इस पूरे क्षेत्र के लिए एक स्वास्थ्य और सामाजिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां ग्रामीण सुबह-शाम सैर भी कर सकेंगे।
स्टेडियम पूरा होना बड़ी चुनौती
फरीदाबाद में खेल परियोजनाओं का इतिहास चुनौतियों से भरा रहा है। नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नवीनीकरण कार्य भुगतान, बजट और विभागीय हस्तांतरण की समस्याओं के कारण वर्षों से रुका हुआ था। इसे निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कुछ दिन पहले दोबारा से शुरू करवाया है। इसी प्रकार सेक्टर-31 में प्रस्तावित एक अन्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की डीपीआर में भी पहले खामियां सामने आ चुकी हैं। इन अनुभवों को देखते हुए तिलपत परियोजना के लिए नगर निगम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। वहीं निगम अधिकारियों को यह भी ध्यान देना होगा कि डीपीआर त्रुटिहीन हो और परियोजना राजनीतिक या प्रशासनिक देरी का शिकार न हो।
खेलों के साथ इलाके को मिलेगी नई पहचान
यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एक आधुनिक भवन के साथ खेलों को नई पहचान देने का केंद्र बनेगा। वहीं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के लिए एक सामाजिक-आर्थिक इंजन बनेगा। जो सभी पहलुओं को नई रफ्तार देगा।
राष्ट्रीय प्रतिभाओं खोजने में मिलेगी राह
एक अत्याधुनिक परिसर के निर्माण से फरीदाबाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों की मेजबानी करने में सक्षम हो सकता है। जिससे शहर को एक नई पहचान मिलेगी। वहीं फरीदाबाद के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रियल एस्टेट में आएगी तेजी
कॉम्प्लेक्स बनने से तिलपत और आसपास के क्षेत्रों में परिवहन, सुरक्षा और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे में सुधार आएगा। इससे इलाके में रियल एस्टेट को नई रफ्तार मिलेगी।
-
फरीदाबाद के विकास के लिए निगम तेजी से काम कर रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा। - निगम आयुक्त, धीरेंद्र खड़गटा