संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अब गैस बिल अपडेट करने के बहाने लोगों के फोन हैक कर बैंक खातों में सेंध लगानी शुरू कर दी है। सेक्टर-85 स्थित अमोलिक संकल्प सोसाइटी के एक निवासी के मोबाइल पर लिंक भेजकर जालसाजों ने उनका फोन हैक कर लिया और बैंक खाते से करीब 99,500 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ठगों के खिलाफ चार अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राजीव ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी 2026 को उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज में गैस का बिल अपडेट करने के लिए एक लिंक दिया गया था। जैसे ही राजीव ने लिंक पर क्लिक किया, उनका फोन अचानक बंद हो गया। कुछ देर बाद फोन चालू हुआ तो वह ठीक से काम नहीं कर रहा था। घबराहट में राजीव ने अपना फोन फॉर्मेट कर दिया, जिससे उनका व्हाट्सएप डेटा और ठगों द्वारा भेजा गया मैसेज भी डिलीट हो गया। अगले दिन बैंक जाने पर राजीव को पता चला कि उनके बैंक खाते से कुल 99,500 रुपये काटे जा चुके हैं। यह राशि 4 से 5 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये निकाली गई थी। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।