संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सिकरौना स्थित निजी स्कूल में शिक्षिका की हत्या के बाद सरकारी स्कूलों में शुरू की गई बैग जांच के दौरान सेक्टर-3 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र के बैग से चाकू, एयर गन, दो मोबाइल फोन और माचिस बरामद हुई। स्कूल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन शिकायत के बावजूद किसी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, 6 अगस्त को ग्यारहवीं (कला संकाय) के विद्यार्थियों के बैगों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बैग से धारदार चाकू, एयर गन, दो मोबाइल फोन और माचिस मिली। पूछताछ में शुरुआत में किसी छात्र ने बैग अपना नहीं बताया। बाद में एक छात्र ने बैग अपना बताते हुए चार अन्य विद्यार्थियों के भी इसमें शामिल होने की बात कही।
प्रबंधन का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि कुछ विद्यार्थियों का आपसी विवाद चल रहा था, जिसके चलते वे हथियार लेकर स्कूल पहुंचे थे। सूचना मिलने पर सेक्टर-3 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों से पूछताछ की।
स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने किसी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की। अगले ही दिन संबंधित विद्यार्थी फिर स्कूल पहुंच गए। प्रबंधन का कहना है कि पांच विद्यार्थियों में तीन बालिग हैं और दो नाबालिग। हथियार मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस से लिखित शिकायत कर स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की गई है।