आरपीएस सवाना सोसाइटी के सेंट्रल पार्क में किया गया आयोजन
नंदा देवी की डोली बनी आकर्षण का केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-88 स्थित आरपीएस सवाना सोसाइटी के सेंट्रल पार्क में उत्तराखंड दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सोसाइटी के निवासियों ने परिवार और दोस्तों के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत, वेशभूषा और खानपान की झलक देखने को मिली।
आरडब्ल्यूए प्रधान आकाशदीप पटेल, सदस्य पंकज और मनीष कुमार ने बताया कि आयोजन का मुख्य आकर्षण मां नंदा देवी की डोली रही। पारंपरिक वाद्ययंत्र ढोल, दमाऊ और नरसिंघा की धुन के साथ मंदिर से डोली यात्रा निकाली गई। इस दौरान पहाड़ी संस्कृति से जुड़े गीतों और संगीत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में पहाड़ी स्वैग ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्य गायक राकेश खानवाल ने अपने लोकप्रिय पहाड़ी गीतों से लोगों का मनोरंजन किया। उनके गीतों पर सोसाइटी के निवासी झूमते और थिरकते नजर आए। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।
आयोजन स्थल पर पहाड़ी वेशभूषा, पहाड़ी दाल, पारंपरिक नमक और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। इसके अलावा खानपान के शौकीनों के लिए पहाड़ी थाली, मंडुवा मोमोज, छोले-भटूरे, जलेबी, चाट, चाइनीज और दक्षिण भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। बच्चों के मनोरंजन के लिए प्ले जोन भी तैयार किया गया था। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजकों का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ सोसाइटी के लोगों को एक मंच पर जोड़ना रहा। पहाड़ी गीत-संगीत, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच लोगों ने पूरे उत्साह के साथ उत्तराखंड दिवस मनाया।