मेले का दूसरा शनिवार होने की वजह से लोगों की संख्या में होगा इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। 39 वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में 7 दिन बीत जाने के बावजूद 70 से 80 स्टॉल खाली पड़ी हुई है। स्टॉल खाली होने की वजह से पिछले साल के मुकाबले इस साल पर्यटकों की संख्या पर भी असर देखने को मिल रहा है। मेला 15 फरवरी तक लगाया जाएगा। 7 दिन बीत जाने के बावजूद भी मेला परिसर के अंदर ज्यादातर स्टॉल खाली पड़ी हुई है। यह सभी स्टॉल एंट्री गेट के पास बनी हुई है। एंट्री गेट से आते ही लोगों को सबसे पहले खाली पड़ी स्टॉल के लिए दर्शन करने को मिलते हैं। आंकड़ों के अनुसार शुरू के पांच दिन में मात्र डेढ़ लाख लोगों ने ही मेले का आनंद लिया है। मेले का दूसरा शनिवार और रविवार होने की वजह से पर्यटक विभाग को उम्मीद है इन दो दिनों में लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है। जिससे कि शिल्पकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने में काफी फायदा मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इन दो दिनों में भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोगों की सुरक्षा के लिहाज से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं रोडवेज विभाग की ओर से जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।