जन्मदिन के ठीक अगले दिन गहरी नींद में सो रहा था वंश, दोनों पैर झुलसे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रामनगर में एक पिता ने अपने सात साल के बेटे और परिवार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। यह खौफनाक घटना रविवार सुबह करीब सात बजे हुई, जब मासूम वंश अपने सातवें जन्मदिन के ठीक अगले दिन गहरी नींद में सो रहा था। इस हादसे में वंश के दोनों पैर झुलस गए।
पीड़ित मां रेनू (35) ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से अपने शराबी पति राजू (40) से अलग चार बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही थी। राजू कोई काम-धंधा नहीं करता था और आए दिन मारपीट करता था। रेनू बच्चों का पेट पालने के लिए कोठी में आया का काम करती थी। घटना वाली सुबह जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी आरोपी पति राजू ने बाहर से खिड़की का पर्दा हटाया। उसने अंदर सो रहे मासूम बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां ने किसी तरह अपनी सूझबूझ से अन्य बच्चों की जान बचाई। हालांकि, सात साल का वंश इस हैवानियत का शिकार हो गया और उसके दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए। दर्द से तड़पते हुए मासूम सिर्फ अपनी मां को पुकार रहा था—मां... मां... बचा लो!
डॉक्टरों की देखरेख में बच्चे का इलाज जारी
घायल अवस्था में बेटे वंश को लेकर वह तुरंत बीके अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों की देखरेख में बच्चे का इलाज जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पिता राजू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।