पुन्हाना। बच्चों के साथ गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने पहले मस्जिद में 75 वर्षीय बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और बाद में उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडों से परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। बुजुर्ग का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नैवाना निवासी हसमू ने बताया कि 28 फरवरी की शाम उसके पिता मामूर नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। वहां मौजूद छोटे बच्चों के साथ कुछ लोग गाली-गलौच कर रहे थे। जब उसके पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गहरी चोट आई। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बचाया और उपचार के लिए पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से उन्हें नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सदर थाना पुलिस ने आमीन, आसू, अकरम, दिलशाद, जावेद, तौहीद, अंसार, जमशीदा, हुसैनी और रूबीना के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद