संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ीपुल क्षेत्र में रास्ता रोककर दो युवकों द्वारा एक परिवार पर हमला किया गया है। इस हमले में एक महिला के चेहरे पर ईंट लगने से उसकी नाक की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। थाना खेड़ीपुल पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में भारत कॉलोनी के रहने वाले जयवीर ने बताया कि वह अपनी भाभी ममता और भतीजे देवा के साथ खेड़ीपुल की ओर जा रहे थे। रास्ते में दिलशाद और राजकुमार नाम के दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उन्हें बाइक से नीचे खींच लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए भतीजे देवा को आरोपी दिलशाद ने दांत से काट लिया और पास पड़ी ईंट उठाकर जयवीर पर हमला करने लगा। हमले के दौरान आरोपी दिलशाद ने दूसरी ईंट उठाकर ममता के चेहरे पर दे मारी जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गईं। आरोप है कि दूसरे आरोपी राजकुमार ने भी तीनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और घायल ममता को अस्पताल पहुंचाया जहां मेडिकल जांच में उनकी नाक की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है।