संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चरण सिंह चौक इलाके में एक फर्जी डॉक्टर के इलाज किए जाने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को मौके पर छापा मारा।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने एक दुकान को क्लीनिक की शक्ल में बदल रखा था। क्लीनिक के बाहर न तो कोई बोर्ड लगा था और न ही किसी प्रकार की पहचान, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी योग्य चिकित्सक का केंद्र है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वह व्यक्ति कई महीनों से मरीजों का इलाज कर रहा था।
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले अपनी माता का इलाज कराया था। उन्हें सांस लेने को लेकर शिकायत थी। व्यक्ति ने बताया कि जब तक दवाई ली तब तक माता की तबीयत ठीक रही, उसके बाद फिर से तबीयत बिगड़ गई।
मौजूद पुलिसकर्मी ने बताया कि जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई है। जो दवाइयां मौके पर मिली, उन्हें सील किया गया है। जैसी शिकायत मिलेगी उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। मौके पर क्लीनिक पर कोई भी नहीं मिला। जांच के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।